ढाई आखर पढ़े सो पंडित होय..... {1}
कबीर कहते हैं "ढाई आखर प्रेम के, पढ़े सो पंडित होए" । अब पंडित का सनातनी अर्थ है - चारो वेदों का ज्ञाता, छहो दर्शनों का मर्मज्ञ । सरल शब्दो में कहे तो जो व्यक्ति ज्ञानी है वही पंडित है । फिर केवल ढाई अक्षर पढ़ लेने से कोई भला पंडित कैसे हो जाएगा? लेकिन यदि कबीर कह रहे हैं, तो इसके पीछे कोई रहस्य अवश्य ही होगा । अब हम जरा ज्ञान चक्षुओं को खोल के देखे तो पाएंगे की चारो वेदों में एक ही बात कही गयी है कि समस्त संसार ईश्वरमय है , और ईश्वर को प्राप्त करना प्राणी मात्र का धर्म । अर्थात प्रेम करो .... ईश्वर से.... ईश्वर के लोगों से । जिसके इतनी सी बात समझ आ गयी समझो हो गया पंडित । लेकिन इन ढाई अक्षरों को समझना इतना सरल कार्य नहीं है । यदि होता तो सब पंडित ही न हो जाते । कहते हैं कि जहाँ ज्ञान और तर्क का अतिरेक होता है वहाँ प्रेम नहीं टिकता । लेकिन मेरे मतानुसार जिसको प्रेम का ज्ञान हो जाए उसको किसी और ज्ञान की क्या आवश्यकता , और रही बात तर्क की तो प्रेम स्वयं मे अकाट्य है इसको कोई तर्क काट ही नही सकता । कुल मिलाकर प्रेम दर्शन का विषय है या ये कहें कि प्रेम स्वयं में एक दर्शन है ...